वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति की शपथ लेने जा रहे बराक ओबामा मुंबई हमले से हिले हुए हैं। उन्हें डर है कि इस तरह का हमला अमेरिका सहित दुनिया के किसी भी देश में दोबारा हो सकता है। इस आशंका को दूर करने के लिए उन्होंने राष्ट्रपति के रूप में अल कायदा के खात्मे पर विशेष जोर देने की बात कही है।एबीसी न्यूज पर इंटरव्यू के दौरान मुंबई में 26 नवंबर को हुए आतंकी हमले के बारे में जब ओबामा से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अमेरिकी शहरों में भी मुंबई जैसा हमला होने का खतरा बरकरार है। उन्होंने कहा, 'मुंबई की घटना के बारे में जब आप सोचते हैं तो आतंकियों की नई रणनीति का पता चलता है। यह सीधे तौर पर आत्मघाती हमला नहीं है। दूसरे आतंकी संगठन भी भविष्य में हमलों के ऐसे तरीके अपना सकते हैं।' ओबामा ने कहा कि यही वजह है कि इन खतरों से निपटने और अल कायदा को समूल नष्ट करने पर हमारा विशेष जोर रहेगा। उन्होंने कहा, 'मैं अपने चुनाव अभियान के दौरान भी इस बात पर जोर देता रहा था। अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता यही होगी।'
ओबामा ने परमाणु महत्वाकांक्षा रखने वाले ईरान को अपने प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती करार दिया। उन्होंने कहा कि ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षा पर रोक लगाने के लिए वह ठोस नीति बनाएंगे।

