Saturday, November 1, 2008

फिर सुर्खियों में आया आरुषि हत्याकांड

नोएडा। आरुषि की मेडिको लीगल रिपोर्ट से संबंधित जांच के लिए सीबीआई टीम शुक्रवार को फिर जिला अस्पताल पहुंची। अभी तक मेडिको लीगल रिपोर्ट का रजिस्टर सीबीआई को नहीं मिल पाया है। वहीं आरुषि के पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर सुनील दोहरे से भी सीबीआई ने पूछताछ की।
जिला अस्पताल से मेडिको लीगल रिपोर्ट गायब होने के बाद बहुचर्चित आरुषि हत्याकांड फिर सुर्खियों में आ गया है। सूत्रों के मुताबिक रजिस्टर संबंधी जानकारी के लिए सीबीआई की टीम ने जिला अस्पताल के सीएमएस से दोबारा पूछताछ की। वहीं आरुषि का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर सुनील दोहरे से सीबीआई ने आरुषि के स्लाइड के बारे में पूछताछ की। सीबीआई ने डॉ. दोहरे से स्लाइड लेने के बाद सीएमएस या पैथोलाजी विभाग को भेजने के बारे में जानकारी ली। डॉ. दोहरे ने बताया कि उन्होंने स्लाइड जिला अस्पताल के सीएमएस के नाम भेजा थी, जिसमें स्लाइड जांच कराने की बात लिखी गई थी।
ज्ञात हो कि आरुषि के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं इसकी जांच रिपोर्ट में कई बार ओवरराइट हुई है। इससे सीबीआई को जांच रिपोर्ट पर संदेह हुआ। सीबीआई अस्पताल के मेडिको लीगल रजिस्टर से जांच रिपोर्ट का मिलान करना चाहती है ताकि यह साफ हो सके कि जांच रिपोर्ट में कहीं छेड़छाड़ तो नहीं की गई। इस बाबत सीबीआई की टीम ने चार दिन पहले पैथोलॉजी विभाग की अलमारी को तोड़कर मेडिको लीगल रजिस्टर को ढूंढा, लेकिन रजिस्टर वहां से गायब था।
इस दौरान अस्पताल में रखे लगभग ढाई सौ स्लाइड सिटी मजिस्ट्रेट ने अपने कब्जे में लिये थे। सिटी मजिस्ट्रेट संजय चौहान ने बताया कि मेडिको लीगल रजिस्टर की खोजबीन के दौरान पैथोलाजी विभाग की तोड़ी गई अलमारी से कुछ सामान निकाला गया था। इनमें मेडिको लीगल की स्लाइड भी थी, जिसे सील कर पैथोलॉजी विभाग को सौंप दिया है, ताकि इनमें किसी भी तरह की छेड़छाड़ या अदला-बदली न हो सके। भविष्य में अगर किसी भी स्लाइड की जांच की जरूरत पड़ती है, तो सिटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में सील को खोला जा सकेगा।
मालूम हो कि सेक्टर 25 स्थित जलवायु विहार में डॉक्टर राजेश तलवार की बेटी आरुषि और उनके नौकर यम प्रसाद की इसी वर्ष 15-16 मई की रात को हत्या कर दी गई थी। इस बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।

RAWA News