Thursday, November 13, 2008

ताज मे बदसलूकी महंगी पड़ी सीआईएसएफ को

आगरा। भारत सरकार और केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने ताजमहल की सुरक्षा मे तैनात सीआईएसएफ के जवानों की कार्यप्रणाली पर नाराज़गी व्यक्त की है। उन्होने शुक्रवार के दिन नमाज़ के लिये जाने वालों के साथ बदसलूकी के मामले मे कड़ी कार्यवाही के निर्देश जारी किये है। इस मामले मे ताजमहल मस्जिद के सदर सैय्यद इब्राहिम ज़ैदी ने सितम्बर माह मे नमाजियों के साथ की गयी बदसलूकी की शिकायत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और केन्द्रीय गृहमंत्री समेत कई अधिकारियों से की थी।
ताजमहल मे अक्सर पर्यटकों और नमाज़ियों के साथ सीआईएसएफ के जवान बदसलूकी करते रहते हैं। इस बारे मे कई बार पहले भी शिकायत की जा चुकी हैं। लेकिन सरकारी तन्त्र की लापरवाही के चलते अक्सर ऐसे मामले ठण्ड़े बस्ते मे चले जाते है। इसका लाभ उठाकर सीआईएसएफ के लोग अपनी हरकतों से बाज़ नही आते। बीती 29-08-2008 को कई लोग जुमे की नमाज़ के लिये ताजमहल की मस्जिद मे मौजूद थे। इसी दौरान वहां नमाज़ पढ रही एक महिला को सीआईएसएफ की महिला जवान ने हाथ पकड़ कर बाहर खींच लिये था यही नही जब इस बात का विरोध किया गया तो सीआईएसएफ के एसआई और जवानों ने ताज के गेट पर नमाज़ियों के साथ बदसलूकी के साथ-साथ गाली गलौज भी की थी।
इस मामले को गम्भीरता से लेते हुये स्वतंत्र पत्रकार और ताजमहल मस्जिद के सदर सैय्यद इब्राहिम ज़ैदी ने एक शिकायती पत्र ताज के ड़िप्टी कंमाड़ेन्ट समेत और कई लोगों को प्रेषित किया था। उसी पत्र पर कार्यवाही करते हुये भारत सरकार के अवर सचिव ए.के.साहू और केन्द्रीय गृहमन्त्रालय के अतिरिक्त सचिव अजय भाटी ने सीआईएसएफ के डीजी आर.के.दास को इस प्रकरण मे सीआईएसएफ के दोषी अधिकारियों और जवानों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही किये जाने के निर्देश जारी किये हैं। साथ ही दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने सीआईएसएफ ड़ीजी को कार्यवाही के बाद इस सम्बन्ध मे राष्ट्रपति कार्यालय और केन्द्रीय गृहमंत्रालय समेत श्री ज़ैदी को भी सूचित करने के निर्देश दिये हैं। दोनों अधिकारियों की और से श्री ज़ैदी को पत्र के माध्यम से इस बारे मे विस्तृत सूचना दी गयी है। श्री ज़ैदी के मुताबिक उन्हे भारत सरकार और गृहमंत्रालय पर पूरा भरोसा है कि वे दोषियों के खिलाफ कार्यवाही कर नमाज़ियों और पर्यटकों को राहत देगें।

RAWA News