आगरा। अभिनेता, सांसद राज बब्बर आज अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने आगरा के तारघर मैदान में आयोजित एक रैली में पार्टी में आने की घोषणा की। इस रैली के माध्यम से राज बब्बर ने एक बार फ़िर अपनी ताक़त के अहसास कराया। सुबह से ही उनके समर्थक तारघर मैदान में जमा होने लगे थे। भारी भीड़ देखकर कांग्रेस की प्रदेश प्रमुख रीता बहुगुणा और पार्टी प्रभारी दिग्विजय सिंह भी खास उत्साहित नज़र आ रहे थे। दोनों नेताओं ने रैली के दोरान पार्टी और राज बब्बर की तारीफों के पुल बांधे।
राज बब्बर ने भी कांग्रेस की तारीफ करने में कोई कसर नही छोड़ी। सपा का दमन छोड़ने के बाद से ही राज बब्बर किसी सही मौके का इंतज़ार कर रहे थे जो उन्हें कांग्रेस ने दे दिया। आगरा लोक सभा आरक्षित हो जाने के बाद राज बब्बर अब फतेहपुर सिकरी से अपनी किस्मत आजमाएंगे। उनका कडा मुकाबला भाजपा के पूर्व विधायक अरिदमन सिंह से माना जा रहा है। बहरहाल रैली तो सफल हो गई लेकिन राज बब्बर को चुनाव में सफलता मिलेगी या नही ये बात ज़्यादा अहम् होगी।

