आगरा। शहर के एक बड़े जूता व्यापारी और निर्यातक की नई सफारी कार का चोरी हो जाना पुलिस के लिये चुनौती बन गया है। शहर मे पिछले कई महिनों से वाहन चोरी की घटनाऐं हो रही हैं। लेकिन पुलिस ऐसे मामलों मे नाकाम ही दिख रही है।तीन दिन पहले आगरा शहर के मशहूर जूता व्यापारी और निर्यातक शफीक खान अपनी नई सफारी कार को टीडीआई मॉल के बाहर पार्क करने के बाद जब दस मिनट बाद लौटकर आये तो गाड़ी वहां से गायब थी। इस बात की सूचना उन्होने तुरन्त ताजगंज थाने को दी। तब से आज तक चार दिन बीत चुके हैं पर गाड़ी का कुछ अता-पता नही है। गौरतलब है कि शफीक खान छावनी क्षेत्र के विधायक ज़ुल्फीकार अहमद भुट्टो के दोस्त और रिश्तेदार है जिसके चलते पुलिस पर खासा दबाव बना हुआ है। पुलिस के मुताबिक गाड़ी की बरामदगी करने के लिये एसओजी की टीम को लगाया गया है।

